रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): बांसवाड़ा-डूंगरपुर क्षेत्र के सांसद राजकुमार रौत के रानीवाड़ा दौरे के दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। आजोदर स्थित जनजाति बालिका छात्रावास, भास्कर अस्पताल, बड़गांव रोड, तावीदर और वरैठा सहित कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा मीडिया प्रभारी प्रवीण भील ने बताया कि सांसद राजकुमार रौत ने राजकीय अस्पताल चौराहा स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे खारा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और उपस्थित युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। सांसद राजकुमार रौत ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी समाज की असली ताकत उसकी संस्कृति और मेहनत में निहित है। उन्होंने कहा कि नशा नई पीढ़ी को कमजोर कर रहा है, इसलिए शादी जैसे पवित्र अवसरों पर फिजूलखर्ची और नशाखोरी से बचते हुए उस धन का उपयोग बच्चों की शिक्षा में करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को चेताते हुए कहा कि नशे की लत से परिवार टूटते हैं और जमीन-जायदाद तक बिक जाती है। समाज को सशक्त बनाने के लिए नशामुक्ति आवश्यक है। समारोह में उपस्थित बुजुर्गों और युवाओं ने उनके विचारों का समर्थन किया और इसे समाज के लिए उपयोगी बताया। इस दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोग मौजूद रहे।
रानीवाड़ा में सांसद राजकुमार रौत का भव्य स्वागत, बोले—आदिवासी हक की लड़ाई रहेगी जारी
By -
April 30, 2026
0
Tags: