निवाई (लालचंद माली): राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेदरिया खुर्द में हर्षोल्लास के साथ प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सरपंच कानाराम गुर्जर के सानिध्य में विद्यालय प्रशासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान बोर्ड परीक्षा में 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त करके गांव का नाम रोशन करने वाली कक्षा 12 की छात्रा नीतू गुर्जर का सरपंच कानाराम गुर्जर ने साफा बांधकर व माला पहनाकर सम्मानित किया। सरपंच कानाराम गुर्जर ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे हम अपने समाज व राष्ट्र की उन्नति कर सकते हैं। उन्होंने सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आपकी मेहनत व लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त को 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त प्रतिभावान छात्राओं को लैपटॉप दिया जाएगा। प्रधानाचार्य घनश्याम बुनकर ने अभिभावकों व ग्रामीणों का आहवान करते हुए कहा कि वह अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें और सरकार द्वारा संचालित शिक्षा योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। इस दौरान डीआर प्रतिनिधि रामविलास गुर्जर, श्रवण गुर्जर, मनालाल गुर्जर, बजरंग गुर्जर, छीत्तर गुर्जर व जगदीश गुर्जर सहित मौजूद ग्रामीणों ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
3/related/default