झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर झुंझुनूं ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। ललित जोशी ने बताया कि इस अवसर पर चुना चौक स्थित पुरोहितों की बगीची से भगवान परशुराम एवं राम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। आचार्य पंडित मुकेश महमिया ने मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र भांबू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विशंभर पूनिया, कॉपरेटिव बैंक झुंझुनूं के एमडी संदीप शर्मा, गौड़ ब्राह्मण जिला अध्यक्ष पवन देरवाला और तेजस्विनी शर्मा के सान्निध्य में भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। चुना चौक से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा जोशियों के गट्टे, छावनी बाजार, ताल, बावलियों की बगीची और कमल हाइट्स होते हुए फौज का मोहल्ला स्थित परशुराम मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। वातावरण “जय श्री परशुराम” के जयघोष से गुंजायमान रहा। परशुराम मंदिर पहुंचने पर आचार्य दीनबंधु तिवारी के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान से भगवान का पूजन-अर्चन और मंत्रोच्चार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विप्र बंधु उपस्थित रहे और धर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
*धर्म, परंपरा और एकता का दिखा अद्भुत संगम*
पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। शोभायात्रा ने जहां शहर में आध्यात्मिक वातावरण का संचार किया, वहीं समाज के सभी वर्गों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।