मंडावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): भीषण गर्मी के दौर में जहां इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पक्षियों के लिए भी पानी और भोजन का संकट गहराता जा रहा है, वहीं मंडावा के आयुष चिकित्सालय परिसर में चिकित्सकों और कार्मिकों ने सराहनीय पहल करते हुए परिंडा अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत पेड़ों पर परिंडे (पानी के पात्र) बांधे गए और विभिन्न स्थानों पर चुग्गा पात्र रखे गए, ताकि पक्षियों को आसानी से पानी और दाना मिल सके। इस अभियान का शुभारंभ डॉ.अनीता चौधरी, डॉ.विकास कुमार, डॉ.इंदु, डॉ.पूनम और डॉ.सिकंदर अली ने किया, जबकि महिला चिकित्सक शक्ति ने मूक पक्षियों की सेवा की जिम्मेदारी संभाली। आयुर्वेद, होम्योपैथिक और यूनानी विभाग के चिकित्सकों सहित जनता क्लिनिक स्टाफ व अन्य कार्मिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नियमित रूप से दाना-पानी भरने का संकल्प लिया। पर्यावरण एवं पक्षी मित्र संस्थान लुमास के नेतृत्व में चल रहे इस सेवा अभियान के दौरान आमजन को भी अपने घरों और आसपास पानी व दाना रखने के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सकों ने कहा कि गर्मी में यह छोटा सा प्रयास पक्षियों के जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और समाज में सेवा व संवेदनशीलता का संदेश देता है।
भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए आगे आए चिकित्सक, मंडावा में परिंडा अभियान शुरू
By -
April 29, 2026
0
Tags: