रानीवाड़ा (मदन माहेश्वरी): गौ-सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को रानीवाड़ा शहर में व्यापारी एकता का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। समस्त व्यापार महासंघ के आह्वान पर कस्बे का बाजार दोपहर 12 बजे तक पूर्ण रूप से बंद रखा गया। इस दौरान झंडा मैदान और एसडीएम कार्यालय के सामने हजारों की संख्या में गोभक्त और व्यापारी एकत्रित हुए। उपस्थित लोगों ने ‘जय गौमाता-जय गोपाल’ के जयघोष लगाते हुए गौ-सम्मान के समर्थन में आवाज बुलंद की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि केंद्र व प्रदेश में अनुकूल सरकार होने के बावजूद गौवंश को सड़कों पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है। कार्यक्रम के दौरान गौभक्तों और व्यापारियों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में धूलिया गांव में हाल ही में हुई गाय पर हमले की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। आंदोलन में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में गौ-सम्मान को लेकर जनभावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।