निवाई (लालचंद माली): निकटवर्ती गांव सुनारा में बीती रात एक मोबाइल की दुकान में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही निवाई फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और तत्परता से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया गया कि गुरूवार की रात करीब 9ः51 बजे निवाई फायर स्टेशन पर सूचना मिली कि सुनारा गांव स्थित एक मोबाइल शॉप में आग लग गई है। सूचना पर फायरमैन अजय यादव, दिलखुश गुर्जर, बुद्धिप्रकाश शर्मा, सुरेश मीणा व फायर ड्राइवर महावीर यादव दमकल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। पीड़ित दुकान मालिक छीत्तर प्रजापत ने बताया कि उसकी मोबाईल की दुकान में रिपेयरिंग के लिए रखे करीब 500 पुराने मोबाइल, 50 नए मोबाइल, 10 पंखे, फोन की 40 कॉम्बो, कई एक्सेसरीज, 10-12 हजार रुपये की मोबाइल बैटरिया, 8-10 हजार रूपए की किसान टॉर्च, 25 हजार रुपये का काउंटर एवं दुकान में रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी आग में जलकर राख हो गए। उसने बताया कि आग लगने से करीब साढे 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू नहीं होता तो आग विकराल रूप ले सकती थी और आसपास की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं, जिससे भारी जन-धन की हानि हो सकती थी।
3/related/default