निवाई (लालचंद माली): पुलिस मुख्यालय द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन हंटर' के तहत दत्तवास थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाधिकारी हीरालाल पु.नि. के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र में जाल बिछाकर दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक के साइबर फ्रॉड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
*सोशल मीडिया बना ठगी का हथियार*
पकड़े गए आरोपी शंकर मीणा और राकेश मीणा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स जैसे टेलीग्राम, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम का उपयोग कर लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी आम जनता को निम्नलिखित प्रलोभन देकर ठगते थे: वर्क फ्रॉम होम और राइटिंग स्किल्स के फर्जी विज्ञापन, यूट्यूब पर सब्सक्राइबर बढ़ाने का झांसा, फर्जी ट्रेड लिंक और 'सटका किंग' के माध्यम से पैसा दोगुना करने का लालच एवं गिफ्ट आइटम और घर बैठे मोटी कमाई के भ्रामक संदेश।
*25 फर्जी नंबरों का खेल, 5 मोबाइल बरामद*
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 महंगे स्मार्टफोन जब्त किए हैं। जांच में पता चला कि ये ठग अलग-अलग नामों से जारी करवाई गई 25 से अधिक फर्जी सिम कार्ड्स का उपयोग कर रहे थे, ताकि पुलिस की पकड़ से दूर रह सकें। राष्ट्रीय साइबर अपराध (NCRP) पोर्टल पर भी इनके विरुद्ध 8 ऑनलाइन शिकायतें पहले से दर्ज पाई गई हैं।
*गिरफ्तार आरोपी*
शंकर मीणा (22 वर्ष) पुत्र भरत लाल मीणा, निवासी: खेड़ा की ढाणी तुर्किया, थाना दत्तवास एवं राकेश मीणा (26 वर्ष) पुत्र सांवलराम मीणा, निवासी: खेड़ा की ढाणी तुर्किया, थाना दत्तवास।
*नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस*
दत्तवास थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध साइबर अपराध की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। थानाधिकारी हीरालाल ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों के नाम भी सामने आने की संभावना है।