झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने गुरुवार को शहर के पुलिस थाना कोतवाली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, रिकॉर्ड संधारण, मालखाना, हवालात एवं साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा थाना स्तर पर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। जिला कलेक्टर ने कहा कि पुलिस प्रशासन की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हो। उन्होंने थाना परिसर में स्वच्छता व रखरखाव की प्रशंसा की। इस दौरान थानाधिकारी श्रवण कुमार एवं थाना स्टाफ मौजूद रहे।
3/related/default