चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव और अक्षय तृतीया का पावन पर्व ब्रह्मा चैतन्य संस्थान में अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों और विप्रजनों ने भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात भगवान को विशेष भोग अर्पित किया गया और सामूहिक आरती के साथ मंगल कामनाएं की गईं। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भगवान परशुराम के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस धार्मिक अनुष्ठान में संस्थान अध्यक्ष रामगोपाल मिश्र, महामंत्री सुरेश कुमार शर्मा, नवल-किशोर लाटा, राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया, गोपाल महमिया, नरेश शर्मा और मनीष शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य विप्रजन उपस्थित रहे। अध्यक्ष रामगोपाल मिश्र ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भगवान परशुराम जन्म महोत्सव का मुख्य और भव्य आयोजन 26 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और समाज के हर वर्ग में इसे लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक पुष्कर लाल मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण एक भव्य शोभायात्रा होगी। यह शोभायात्रा महाकाल मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू होकर कबूतर खाना बस स्टैंड, पुरानी तहसील रोड, गांधी चौक, कल्याण जी मंदिर और गौशाला रोड जैसे मुख्य मार्गों से होते हुए परशुराम भवन पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
शोभायात्रा के समापन के उपरांत परशुराम भवन में एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और विशिष्ट प्रतिभाओं को गौरवमयी मंच प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल महाप्रसाद का वितरण होगा। संस्थान के सदस्यों ने इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में विप्रजनों और श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की है।