पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शनिवार को बिरला स्कूल, पिलानी (डे विंग सीनियर) में आर्य समाज द्वारा संचालित यज्ञकर्म के माध्यम से नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञब्रह्मा आचार्य उर्षबुध एवं विजय कुमार शास्त्री का माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य धीरेन्द्र सिंह, प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र प्रकाश आनंद (डे विंग सीनियर), प्रधानाध्यापक भूपन कुमार शर्मा (डे विंग जूनियर), शैक्षणिक समन्वयक वीके मिश्रा, कार्यक्रम में मनोज उपाध्याय, नर नारायण मिश्रा, राजेश भारद्वाज, राजीव माहेश्वरी तथा कार्यक्रम समन्वयक डॉ.अमरदीप शर्मा सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान यज्ञ मंत्रों का उच्चारण विजय कुमार शास्त्री द्वारा अत्यंत सरस एवं सरल भाषा में किया गया। समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञवेदी में आहुति प्रदान की। कार्यक्रम के अंतर्गत यज्ञब्रह्मा आचार्य उर्षबुध ने विद्यार्थियों को शारीरिक उन्नति, अनुशासित दिनचर्या एवं ध्यानपूर्वक श्रवण के महत्व के विषय में प्रेरित किया, साथ ही उन्होंने अपने मधुर भजनों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर आचार्य उर्षबुध एवं विजय कुमार शास्त्री जी को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य धीरेन्द्र सिंह ने अपने उद्बोधन में सभी विद्यार्थियों को नवीन सत्र की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नया सत्र एक नई शुरुआत का अवसर है, जिसमें विद्यार्थी अपनी क्षमताओं का विकास कर सफलता की ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। विद्यालय परिसर में इस पावन अवसर पर ऊर्जा एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया।