जयपुर में हर घर तक पहुंचे पीएनजी सुविधा, उपभोक्ताओं को मिले राहत

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयपुर जिले में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार को लेकर प्रशासन ने निर्णायक पहल की है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कमर्शियल, इंडस्ट्रियल एवं डोमेस्टिक उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ने की दिशा में रणनीतिक निर्णय लिए गए। बैठक में जिला कलेक्टर संदेश नायक ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य एलपीजी पर निर्भरता को चरणबद्ध तरीके से समाप्त कर अधिक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण अनुकूल पीएनजी को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे पीएनजी कनेक्शन के लाभों—जैसे निरंतर आपूर्ति, उच्च सुरक्षा मानक और लागत में बचत के बारे में आम उपभोक्ताओं के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं के पास एलपीजी और पीएनजी दोनों प्रकार के कनेक्शन हैं, वे आगामी तीन माह के भीतर एलपीजी कनेक्शन को सरेंडर करें, ताकि संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और पीएनजी प्रणाली को मजबूती मिले। जिला कलेक्टर ने पीएनजी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया को सहज, सरल और त्वरित बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की अनावश्यक जटिलता का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन जारी किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि इच्छुक उपभोक्ताओं को बिना देरी के सुविधा मिल सके। शहरी आवासीय क्षेत्रों में पीएनजी के विस्तार को गति देने के लिए जिला कलेक्टर ने फ्लैट्स, अपार्टमेंट्स एवं मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग्स की रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे सामूहिक रूप से पीएनजी कनेक्शन लेने की पहल करें। इससे न केवल सुविधा बढ़ेगी बल्कि सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से भी यह एक सकारात्मक कदम साबित होगा। उन्होंने गैस कंपनियों को निर्देशित किया कि वे उपभोक्ताओं के बीच जाकर पीएनजी की सुरक्षा, विश्वसनीयता और उपयोग में सरलता के बारे में जानकारी दें तथा उन्हें इस आधुनिक सुविधा को अपनाने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (जयपुर शहर दक्षिण) युगांतर शर्मा, उपखंड अधिकारी (जयपुर शहर) राजेश जाखड़, उपखंड अधिकारी (सांगानेर) विकास प्रजापत एवं गैस कंपनी के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!