पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामाजिक विज्ञान विभाग द्वारा विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसका आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ.संध्या व्यास के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अचला वर्मा, सीनियर एकेडमिक कॉर्डिनेटर डॉ.संध्या व्यास, उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं द्वारा डॉ.भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या महोदया ने छात्राओं को डॉ.अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने तथा संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने एक लघु नाटिका के माध्यम से बाबा साहेब का साक्षात्कार प्रस्तुत करते हुए तत्कालीन सामाजिक व्यवस्था एन संविधान की आवश्यकता को प्रस्तुत किया, साथ ही पीपीटी प्रस्तुतीकरण द्वारा संविधान निर्माण की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने संविधान सभा की कार्यप्रणाली तथा डॉ.अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका को जीवंत रूप में दर्शाया। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने रंग-बिरंगे प्लेकार्ड्स के माध्यम से डॉ.अंबेडकर के विचारों, शिक्षाओं एवं उनके योगदान को प्रदर्शित किया, जिससे सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ। अंत में छात्राओं ने संविधान के आदर्शों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को बनाए रखने का प्रण लिया।
बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में श्रद्धापूर्वक मनाई डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती
By -
April 14, 2026
0
Tags: