निवाई (लालचंद माली): गुंसी ग्राम पंचायत के गांव अजीतपुरा बासड़ा की बावरियों की ढाणी में पेयजल श्रोत नहीं होने से ढाणी वासियों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बद्री बावरिया, तूफान बावरिया, रामलाल बावरिया, रिंकू बावरिया, मंजू, प्रेम, काली व कविता सहित अन्य ढाणी वासियों ने बताया कि ढाणी में करीब 10 परिवारों का कुनबा है। उन्होंने बताया कि हमारा समाज घुमक्कड़ समाज की श्रेणी में होने के बावजूद ढाणी में पेयजल की व्यवस्था नहीं है। ढाणी में एक हैंडपंप लगा था, जो कई वर्षों से नकारा हो चुका है। एक बीसलपुर पॉइंट लगा हुआ है, जिसमें कभी पानी आया ही नहीं। महिलाओं को आसपास के कुओं से खींचकर पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों को मजबूरी में कुओं का गंदा एवं बदबुदार पानी पीना पड़ रहा है। दूर दूर से पानी लाना गर्मी के मौसम में बहुत ही कठिन काम है। नहाने के लिए भी महिलाओं एवं पुरुषों को अन्य गांवों के हैडपंप पर जाना पड़ता है, जहां भी उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार पंचायत प्रशासन को समस्या के बारे में बताया लेकिन कोई हल नहीं निकला। ढाणी वासियों ने पंचायत प्रशासन से हैंडपंप लगवाने की मांग की है। इस संदर्भ में प्रशासक सुनीता देवी बैरवा ने बताया कि ढाणी वासियों के पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए हैंडपंप लगवाने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जल्द ही इनकी समस्या दूर हो जाएगी।
3/related/default