निवाई (लालचंद माली): पीपलू थाना पुलिस ने गहलोद हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी करीब चार माह से फरार चल रहे थे और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव एवं वृत्ताधिकारी पीपलू रामावतार के सुपरविजन में थाना प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, ग्राम गहलोद में 17 दिसंबर 2025 को अवैध बजरी खनन और परिवहन को लेकर पुरानी रंजिश के चलते हसीन खान और उसके साथियों ने कालूराम उर्फ माला जाट तथा मुकेश जाट पर लाठी, डंडों और सरियों से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 24 दिसंबर 2025 को मुकेश जाट की मृत्यु हो गई। इस मामले में पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 193(9) के तहत वांछित जिला स्तरीय 5 हजार रुपये के इनामी अपराधी रामसिंह बैरवा पुत्र गणेश बैरवा, उम्र 24 वर्ष, निवासी गहलोद, थाना पीपलू, जिला टोंक तथा जीताराम माली पुत्र हरिराम माली, उम्र 27 वर्ष, निवासी गहलोद, थाना पीपलू, जिला टोंक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश और अनुसंधान जारी है।
3/related/default