सरकार की योजनाएं गांव-गांव पहुंचेंगी: 28 अप्रेल से 15 दिन के लिए चलेगा ग्राम रथ अभियान

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी अब सीधे गांव-गांव तक पहुंचेगी। राज्य सरकार ने ‘ग्राम रथ अभियान’ की शुरुआत की है, जो आगामी 15 दिनों तक संचालित होगा। जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने बताया कि मंगलवार सुबह 10:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर जिले की सभी सातों विधानसभाओं के लिए रवाना किया जाएगा। अभियान के तहत 15 दिनों तक लगातार रथ गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को उन्नत एवं समृद्ध बनाने के उद्देश्य से ‘ग्राम’ (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) 2026 का आयोजन 23 से 25 मई तक करने जा रही है। इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश भर से हजारों किसान एवं पशुपालक भाग लेंगे। यह मंच कृषि निवेश, नवाचार, तकनीक और किसान समृद्धि को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

*मोबाइल वैन करेगी जागरूकता*

एलईडी से सुसज्जित मोबाइल वैन गांवों में पहुंचकर किसानों, पशुपालकों और आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देगी। साथ ही, मौके पर ही लोगों को योजनाओं से जुड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

*निगरानी की जिम्मेदारी तय*

अभियान की निगरानी के लिए जिला स्तर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि विधानसभा स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

*सुझाव पेटिका से सीधे सरकार तक पहुंचेगी आवाज*

हर ग्राम रथ में सुझाव पेटिका भी रखी जाएगी, जिससे ग्रामीण अपने सुझाव और समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। यह पहल जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनेगी।

*13 विभागों की योजनाओं की मिलेगी जानकारी*

इस अभियान के माध्यम से “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान” से जुड़े 13 विभागों—कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास—की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

*28 अप्रैल को इन स्थानों पर चलेगा प्रचार रथ*

ग्राम रथ अभियान के तहत 28 अप्रैल को झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र के नयासर, आबूसर व देरवाला में, सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बामनवास, लाखू, किढवाना व बढ़सरी का बास में, उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के बड़ागांव, हासलसर, नाटास व सीथल में, खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र के राजोता, नानूवाली बावड़ी, गोठड़ा व मानोता कला में, पिलानी विधानसभा क्षेत्र के लांबा, नालवा, बुडानिया व धतरवाला में, नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ढिगाल, देवगांव नुआ व मांडासी में, मंडावा विधानसभा क्षेत्र के महनसर, भीखनसर, टांई व कमालसर में एलईडी वेन से प्रचार प्रसार किया जाएगा ।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!