झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, जयपुर द्वारा ‘मीडियेशन फॉर द नेशन 2.0’ अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। गौरतलब हैं कि झुंझुनूं जिला आयोग राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत प्रदेश भर में सर्वाधिक प्रकरणों का निस्तारण करता आ रहा हैं। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, झुंझुनूं के अध्यक्ष मनोज मील ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ता विवादों का त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर मीडियेशन (सुलह-समाधान) के जरिए निपटाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
*सुलह से समाधान की ओर बढ़ता कदम*
मनोज मील ने बताया कि ‘मीडियेशन फॉर द नेशन 2.0’ के माध्यम से उपभोक्ताओं और सेवा प्रदाताओं के बीच आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा। इससे न्यायालयों पर बढ़ते बोझ को कम करने के साथ-साथ समय और संसाधनों की भी बचत होगी।
*सभी आयोगों को सक्रिय भागीदारी के निर्देश*
उन्होंने कहा कि राज्य आयोग के निर्देशानुसार सभी जिला एवं सर्किट बैंच इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेंगे और अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण मीडियेशन के जरिए सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
*उपभोक्ताओं को मिलेगा त्वरित न्याय*
मनोज मील के अनुसार, इस पहल से आम उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलेगी। मीडियेशन प्रक्रिया के माध्यम से विवादों का निपटारा कम समय में और बिना जटिल कानूनी प्रक्रिया के किया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘मीडियेशन फॉर द नेशन 2.0’ अभियान उपभोक्ता न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।