पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बालिका विद्यापीठ में दो दिवसीय नाटक एवं कहानी-कथन (ड्रामा एवं स्टोरी टेलिंग) कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन बालिका विद्यापीठ द्वारा किया गया, जिसमें दो सत्र में बिरला शिशु विहार एवं विद्यापीठ के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसका लाभ प्राप्त किया। कार्यशाला के मुख्य विषय विशेषज्ञ के रूप में एटेलियर थिएटर के क्रिएटिव डायरेक्टर कुलजीत सिंह, डॉ.मानसी ग्रोवर तथा गौरव सूरी रहे। इन अनुभवी रंगकर्मियों ने विद्यार्थियों को नाट्य कला की बारीकियों से अवगत कराया और उन्हें व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को कहानी लेखन और प्रस्तुति से जुड़े महत्वपूर्ण तत्वों जैसे कथानक, विषय-वस्तु, तथा संवाद कौशल तथा प्रस्तुतिकरण के बारे में विस्तार से सिखाया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि एक प्रभावी कहानी या नाटक के लिए मजबूत कथानक, स्पष्ट विषय और सशक्त संवाद अत्यंत आवश्यक होते हैं। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को अभिव्यक्ति, शारीरिक भाषा, आवाज के उतार-चढ़ाव तथा मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने के गुर भी सिखाए। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास का विकास करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न नाट्य गतिविधियों और अभ्यासों में भाग लेकर अपने कौशल को निखारा। विद्यालय प्राचार्या श्रीमती अचला वर्मा ने इस प्रकार की कार्यशालाओं को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को जारी रखने की बात कही। इस कार्यशाला में बिरला शिशु विहार के प्राचार्य श्री पवन वशिष्ठ ने भी शिरकत की थी। वास्तव में यह कार्यशाला न केवल विद्यार्थियों के लिए एक नया सीखने का अनुभव साबित हो रही है, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
बालिका विद्यापीठ में दो दिवसीय नाटक एवं कहानी-कथन कार्यशाला का शुभारंभ
By -
April 16, 2026
0
Tags: