*मुख्य अतिथि महानिदेशक एवं कमांडेंट जनरल, होम गार्ड्स राजस्थान श्रीमती मालिनी अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि प्रो.मीता कोटेचा; कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो.संजीव शर्मा ने की*
जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर में महिला चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं के लिए ‘रक्षित’ आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जोरावर सिंह गेट स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के सभागार में मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महानिदेशक एवं कमांडेंट जनरल, होम गार्ड्स राजस्थान श्रीमती मालिनी अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर मीता कोटेचा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने की। इस अवसर पर कुलसचिव प्रोफेसर अनीता शर्मा, प्रोफेसर पी. हेमंता सहित संस्थान में कार्यरत सभी महिला शिक्षक, चिकित्सक, कर्मचारी एवं छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, धन्वंतरि वंदना एवं कुलगीत के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती मालिनी अग्रवाल (IPS) ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है और इससे उनमें आत्मविश्वास तथा सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। वहीं विशिष्ट अतिथि प्रो.मीता कोटेचा ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को अत्यंत उपयोगी बताया। कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने संस्थान में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान की प्रगति में महिला चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस अवसर पर कलिका यूनिट की टीम द्वारा छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक तरीके सिखाए गए तथा लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की महिला विभागाध्यक्षों एवं महिला संकाय सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा कलिका यूनिट के सदस्यों को स्मृति-चिह्न एवं किट प्रदान किए गए।