निवाई (लालचंद माली): भारत सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव अत्यानंद ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करके आवश्यक दिशा निर्देश दिए। फुल स्कैन के दौरान उन्होंने उच्चाधिकारियों के साथ विद्यालय की शैक्षणिक व तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद जयपुर के उपनिदेशक महेन्द्र गर्ग सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यालय कार्यालय, आधुनिक डिजिटल लैब, पुस्तकालय, व्यावसायिक लैब एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। संयुक्त सचिव ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विषयगत ज्ञान व तकनीकी कौशल का आकलन किया। उन्होंने विद्यालय के संविधान कक्ष, संगीत व चित्रकला कक्ष व छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आत्मरक्षा के प्रदर्शन का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने मिड-डे मील की गुणवत्ता जांची व विद्यालय के किचन गार्डन व बाल वाटिका की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। संयुक्त सचिव अत्यानंद ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय आधुनिक भारत की शिक्षा के मॉडल हैं, जहाँ उपलब्ध संसाधन बच्चों के भविष्य की नींव मजबूत करेंगे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुबेह सिंह यादव, रामगोपाल बलाई, श्योप्रसाद मीणा व रामजीलाल मीणा, ब्लॉक शिक्षाधिकारी मंजू मीणा व प्रधानाचार्य गिरिराज प्रसाद गुर्जर सहित कई अधिकारी व शिक्षक मौजूद थे।
3/related/default