कोटपूतली-बहरोड़: राजस्थान दिवस-2026 के अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा नगर परिषद परिसर, कोटपूतली में आयोजित पाँच दिवसीय एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी-ऑटो कंपोनेंट) मेला एवं प्रदर्शनी का कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल ने रविवार को फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण भी मौजूद रहे। मेले में जिले के ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) उत्पाद ऑटो कॉम्पोनेंट्स के साथ स्थानीय हस्तशिल्पियों और खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर मिल रहा है। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगभग 20 से 25 स्टॉल्स लगाए गए हैं।
*'वोकल फॉर लोकल' को देंवें बढ़ावा- विधायक पटेल*
विधायक पटेल ने कहा कि 'वोकल फॉर लोकल' का अर्थ है स्थानीय उत्पादों का न केवल इस्तेमाल करना, बल्कि उनका प्रचार-प्रसार भी करना। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक पहल है, जिसका उद्देश्य देश की घरेलू विनिर्माण क्षमताओं, लघु उद्योगों और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना है। यह अभियान स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाता है और भारतीय वस्तुओं को 'मेड इन इंडिया' के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाता है।