एक लाख मंदिरों के पट्टों का संकल्प: पुजारियों को मिला सम्मान और अधिकार का भरोसा

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान में मंदिरों और पुजारियों के अधिकारों को लेकर बड़ा निर्णय सामने आया है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा प्रदेश में एक लाख मंदिरों के पट्टे देने के संकल्प को दोहराते हुए की गई घोषणा के बाद पुजारी समाज में उत्साह की लहर दौड़ गई है। इसी निर्णय के स्वागत में पुजारी सेवक महासंघ राजस्थान ने झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू का उनके निवास स्थान पर पहुंचकर भव्य सम्मान किया।
महासंघ के संयोजक महेश बसावतिया के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मान समारोह में जिला अध्यक्ष विनोद पुजारी की अध्यक्षता में महासंघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक भांबू को साफा, दुपट्टा और प्रतीक चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर पुजारी समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री द्वारा मंदिरों के पट्टों की घोषणा को धार्मिक परंपराओं और पुजारियों के अधिकारों की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से पुजारी समाज मंदिरों के अधिकार और सुरक्षा को लेकर आवाज उठा रहा था, जिसे अब सरकार ने गंभीरता से लिया है। इस मुद्दे पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भी विधानसभा में पुरजोर आवाज उठाते हुए कहा कि “जो भगवान पूरी दुनिया को पट्टा देने वाले हैं, वही आज बिना पट्टे के बैठे हैं। ऐसे में हमारा नैतिक दायित्व बनता है कि राजस्थान में जितने भी मंदिर हैं, उन्हें पट्टा देने का सफल प्रयास किया जाए।”
महासंघ के संयोजक महेश बसावतिया ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा से प्रदेश के हजारों पुजारियों को स्थायित्व और सम्मान मिलेगा। उन्होंने विधायक भांबू से पुजारियों की अन्य लंबित मांगों को भी विधानसभा में मजबूती से उठाने का आग्रह किया। इस पर विधायक राजेंद्र भांबू ने पुजारी समाज को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुजारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए वे हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे तथा उनकी समस्याओं और मांगों को विधानसभा में मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में महासंघ के उपाध्यक्ष रामचंद्र पाटोदा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे पुजारी समाज के सम्मान और अधिकार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!