झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान स्थापना दिवस (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के अवसर पर गुरुवार शाम अग्रसेन भवन में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और कला की जीवंत झलक देखने को मिली, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस केवल स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रदेश की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित और आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं व विकसित राजस्थान के निर्माण में अपना योगदान दे ।
सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के ख्यातनाम लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समा बांध दिया। अंतरराष्ट्रीय लोक गायक संजय मुकुंदगढ़ ने अपने सुरों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीं राजस्थानी भाषा के अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि एवं मंच संचालक हरीश हिंदुस्तानी ने अपने हास्य और व्यंग्य से वातावरण को उल्लासमय बना दिया। मंजू सपेरा एंड ग्रुप द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोक नृत्यों ने राजस्थान की जीवंत लोक परंपराओं को साकार रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में प्रस्तुत लोक गीतों, नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राजस्थान की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने भी अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में उत्कृष्ट सहयोग दिया, जिसकी सभी ने सराहना की।
*ये रहे मौजूद*
इस दौरान झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग, पूर्व जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी, एडीएम अजय कुमार आर्य, पर्यटन विभाग के उप निदेशक देवेंद्र चौधरी, एडिशनल एसपी देवेंद्र राजावत, सीओ स्काउट महेश कलावत, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता एमके टिबडा़, सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉ.जितेंद्र भांबू, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल, सीओ स्काउट महेश कालावत, सीसीबी एमडी संदीप शर्मा, महिला एवं बाल विकास के उप निदेशक बृजेंद्र राठौड़, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ.पवन पूनिया, डीईओ माध्यमिक राजेश मील, डीईओ प्रारंभिक संतोष सोहू, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नेहा झाझडिया, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अभिषेक चौपदार, जिला खेल अधिकारी राजेश ओला, विशंभर पूनिया, बनवारी लाल सैनी, महेंद्र चंदवा, मुरारी सैनी सहित जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी व सैकड़ो की संख्या में आमजन मौजूद रहे ।