जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): एयर फ़ोर्स स्टेशन, जयपुर में शुक्रवार को रोड़ सेफ्टी वीक के समापन अवसर पर सड़क सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आरटीओ, जयपुर द्वितीय, विद्याधर नगर में पदस्थापित इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने एयर फ़ोर्स वारियर्स
अधिकारियों, एयर फ़ोर्स स्कूल के विद्यार्थियों एवं उनके परिवारजनों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के विभिन्न कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज ने कार्यशाला में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी के लिए आभार व्यक्त किया तथा सड़क सुरक्षा विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। कार्यशाला के दौरान मुस्कान फाउंडेशन के शांतनु भसीन ने पीपीटी के माध्यम से सड़क सुरक्षा, रोड साइन एवं रोड मार्किंग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इंस्पेक्टर दिनेश सिंह पिछले कई वर्षों से जयपुर जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों लोगों को जागरूक कर चुके हैं।
कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज ने इंस्पेक्टर दिनेश सिंह को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अंत में इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने सभी उपस्थित एयर फ़ोर्स स्टाफ, विद्यार्थियों एवं उनके परिवारजनों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।