राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का अभिनव कदम: देश का संभवतः पहला आयुर्वेद पॉडकास्ट स्टूडियो शुरू

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): आयुर्वेद के क्षेत्र में शिक्षा, शोध और उपचार के लिए देशभर में अग्रणी राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर ने डिजिटल युग के साथ कदम मिलाते हुए जन-जागरूकता की दिशा में एक अभिनव पहल की है। संस्थान में देश का संभवतः पहला आयुर्वेद आधारित पॉडकास्ट स्टूडियो स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन संस्थान के ऐतिहासिक 50वें स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर प्रताप राव जाधव, माननीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), भारत सरकार द्वारा किया गया। यह पॉडकास्ट स्टूडियो आयुर्वेद की प्राचीन और वैज्ञानिक ज्ञान परंपरा को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए आमजन तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। आज के समय में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफार्म जनसंचार के सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्थान ने यह पहल की है, ताकि देश और दुनिया के लोग आयुर्वेद के सिद्धांतों, उपचार पद्धतियों और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी सही एवं प्रमाणिक जानकारी प्राप्त कर सकें। संस्थान के कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा ने बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में यह पॉडकास्ट स्टूडियो स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा आयुर्वेद से जुड़ी वैज्ञानिक एवं प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आज डिजिटल प्लेटफार्म पर स्वास्थ्य से संबंधित अनेक भ्रामक और अप्रमाणित जानकारियाँ भी तेजी से फैल रही हैं। ऐसे में यह पहल लोगों तक सही और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का एक प्रभावी माध्यम बनेगी। इस पॉडकास्ट के माध्यम से संस्थान में कार्यरत अनुभवी चिकित्सक, शिक्षक एवं शोधकर्ता आयुर्वेद के विभिन्न विषयों—जैसे रोगों की रोकथाम, प्राकृतिक जीवनशैली, पंचकर्म, आहार-विहार और घरेलू स्वास्थ्य उपाय पर सरल और वैज्ञानिक ढंग से जानकारी साझा करेंगे। इसके साथ ही देशभर के प्रतिष्ठित आयुर्वेद विशेषज्ञों को भी इस मंच से जोड़ा जाएगा, जिससे लोगों को विविध आयुर्वेदिक दृष्टिकोण और अनुभवों का लाभ मिल सके। इस पहल के तहत तैयार किए जाने वाले पॉडकास्ट एपिसोड्स संस्थान के सोशल मीडिया प्लेटफार्म—फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और अन्य डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित किए जाएंगे, जिससे देश के साथ-साथ विदेशों में भी आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। गौरतलब है कि इस पॉडकास्ट श्रृंखला का पहला एपिसोड माननीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), भारत सरकार प्रताप राव जाधव द्वारा रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें उन्होंने आयुर्वेद की वैश्विक संभावनाओं और भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को विश्व स्तर पर स्थापित करने के प्रयासों पर अपने विचार साझा किए। डिजिटल माध्यमों के जरिए आयुर्वेद को जन-जन तक पहुँचाने की यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि भारत की प्राचीन चिकित्सा विरासत को वैश्विक मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!