महावीर जयंती पर भव्य रैली, झांकियों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

AYUSH ANTIMA
By -
0


श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (तोलाराम मारु): भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक दिवस के अवसर पर शहर में भव्य रैली, आकर्षक झांकियों, लघु नाटिकाओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः मालू भवन से निकली रैली में समाज के सभी वर्गों बुजुर्ग, महिलाएं, युवक-युवतियां, किशोर, कन्याएं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। साथ ही विभिन्न समाजों के लोग, सामाजिक संस्थाएं, प्रशासनिक अधिकारी, सेवा भारती के बच्चे एवं गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रैली का शुभारंभ प्रातः 8:30 बजे सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभा के मंगल पाठ से हुआ। रैली में ज्ञानशाला के ज्ञानार्थियों द्वारा भगवान महावीर के जीवन संस्मरण पर आधारित भव्य झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सेवा भारती संस्थान के बच्चों की अनुशासित उपस्थिति एवं सभी संघीय संस्थाओं और विभिन्न समाजों की सक्रिय सहभागिता से आयोजन अत्यंत आकर्षक बन गया। रैली के दौरान “जियो और जीने दो” एवं “अहिंसा परमोधर्मः” के नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीडूंगरगढ़ तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही। आचार्य महाश्रमण की शिष्या साध्वी लक्ष्यप्रभा के पावन सान्निध्य ने कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने लघु नाटिकाओं एवं मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान महावीर के आदर्शों अहिंसा, सत्य एवं करुणा को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत एवं विशिष्ट अतिथि तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा सहित श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा से मंत्री प्रदीप पुगलिया, नागरिक विकास परिषद से अध्यक्ष तुलसीराम चौरड़िया, तेरापंथ युवक परिषद से सहमंत्री सुमित बरडिया, तेरापंथ महिला मंडल से मंत्री अंबिका डागा, किशोर मंडल से विशाल बोथरा, अणुव्रत समिति से उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने अपने वक्तव्यों में भगवान महावीर के संदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभा ने भगवान महावीर के सत्य, अहिंसा, दया, अपरिग्रह, अचौर्य एवं अनेकांत जैसे सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए इन्हें जीवन में अपनाने का आह्वान किया। सेवा केंद्र से साध्वी प्रशांतयशा, साध्वी नव्यप्रभा, साध्वी उन्नतप्रभा, साध्वी सात्विकप्रभा द्वारा सामूहिक गीतिका प्रस्तुत की गई। साध्वी संपतप्रभा, साध्वी ललितरेखा एवं अन्य साध्वियों ने भगवान महावीर के जन्म कल्याणक के अवसर पर उनके बताए मार्ग को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का आयोजन श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ किशोर मंडल, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ कन्या मंडल एवं अणुव्रत समिति श्रीडूंगरगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सभा अध्यक्ष विजयराज सेठिया, भाजपा शहर अध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम दर्जी, नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख, भाजपा शहर महामंत्री मदन सोनी, महेंद्र मालू सहित अनेकों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन साध्वी नव्यप्रभा एवं तेयुप अध्यक्ष विक्रम मालू ने किया। लघु नाटिकाओं में बैकग्राउंड साउंड प्रीतिका पुगलिया द्वारा दिया गया। यह सभी जानकारी जेन समाज के वरिष्ठ पत्रकार राजू हीरावत ने दी। अंत में आयोजकों ने सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया तथा शाम को आयोजित होने वाले धम्म जागरण एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम की जानकारी दी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!