मीटर और केबल बदलने को लेकर विवाद, बीकानेर में निजी बिजली कंपनी के कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: नयाशहर थाना क्षेत्र के नथानियों की सराय इलाके में गुरुवार को बिजली मीटर बदलने और नई लाइन डालने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। निजी बिजली कंपनी की टीम और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई। इस दौरान कुछ लोगों ने बिजली कंपनी के कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

*स्थानीय लोगों के विरोध के बाद शुरू हुआ विवाद*

जानकारी के अनुसार निजी बिजली कंपनी बीकेईसीएल (BKECL) के कर्मचारी क्षेत्र में पुराने मीटर बदलने और बिजली लाइन से जुड़ा कार्य करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने काम का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।

*कई थानों की पुलिस पहुंची मौके पर*
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को संभालने के लिए नयाशहर थाना, कोतवाली थाना और मुक्ता प्रसाद थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में किया।

*बढ़ते लोड के कारण बदले जा रहे थे मीटर*

सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि गर्मी के दिनों में इलाके में बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए निजी बिजली कंपनी के कर्मचारी मीटर और तार बदलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। फिलहाल लोगों को समझाइश दी जा रही है और स्थिति नियंत्रण में है।

*पहले भी हो चुका है विरोध*

बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है, जब इस इलाके में मीटर बदलने पहुंची टीम का विरोध हुआ हो। इससे पहले भी यहां बिजली कंपनी की टीम के साथ मारपीट की घटना सामने आ चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस का भारी जाब्ता तैनात कर दिया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!