‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के तहत ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के सौजन्य से सोमवार को बीकानेर ग्रामीण ब्लॉक में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक तथा महिला समाधान समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बेटी जन्मोत्सव एवं एकल बेटी सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी महिमा कसाना द्वारा दो बेटियों सारा और पल्लवी का केक कटवाकर उनका सम्मान किया गया। उन्हें स्कूल बैग और पानी की बोतल भेंट की गई तथा उनकी माताओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी कसाना ने कहा कि बेटियां किसी भी स्तर पर बेटों से कम नहीं हैं। समानता और महिला सशक्तिकरण के लिए आवश्यक है कि बेटियों को शिक्षित करने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में भी प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि बेटियों को कौशल और हुनर सीखकर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में बीकानेर ग्रामीण की विकास अधिकारी साजिया तबस्सुम ने बेटियों के पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के विषय में प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि पोषण केवल महंगी वस्तुओं से ही नहीं मिलता, बल्कि घर में उपलब्ध दालों और मसालों से भी पोषक तत्वों से भरपूर भोजन तैयार किया जा सकता है। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी नवरंग मेघवाल ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं को एनीमिया जैसी समस्याओं से बचने के लिए पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेना चाहिए और बेटियों को भी पूर्ण शिक्षा देकर सशक्त बनाना आवश्यक है। बैठक में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामकुमार सीलू, डॉ.सुनील जैन और पीयूष चौधरी ने शिक्षा, स्वास्थ्य तथा मुख्यमंत्री विश्वकर्मा योजना के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आयोजित एकल बेटी सम्मान समारोह में पुत्री तरूणा एवं उनकी माता राधा को चुनरी, दुशाला, नारियल और लंच बॉक्स देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रचेता विजयलक्ष्मी जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन पर्यवेक्षक सुनीता गौड़ ने किया। इस अवसर पर 100 से अधिक महिलाएं, महिला पर्यवेक्षक, बाल विकास परियोजना के कर्मचारी तथा सभी मानदेय कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!