निवाई (लालचंद माली): टोंक जिला मुख्यालय पर किसान महापंचायत के बैनर तले आयोजित अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। युवा प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर चौधरी के नेतृत्व में किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहे। किसानों ने बताया कि मंडी परिसर में अवैधानिक तरीके से बिना एसपी कार्यालय को सूचना दिए फर्जी तरीके से पुलिस चौकी खोलने का मामला सामने आया है। रामेश्वर चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी या अस्थाई पुलिस चौकी खोलने के लिए पब्लिक की मांग या कृषि उपज मंडी समिति की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय को कभी पत्र व्यवहार भी नहीं किया गया। नियमों के विपरीत तथ्यों को छिपाते हुए अस्थाई पुलिस चौकी खोलने का प्रस्ताव लिया गया है तथा जनरेटर के कमरे का रूपांतरण किए बिना ही पुलिस चौकी कृषि उपज मंडी प्रांगण थाना निवाई लिखवा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कूटरचित कार्यक्रम भांजे को अनैतिक लाभ पहुंचाने के लिए किया गया है।
*तौल से अधिक ले रहे हैं जींस*
किसान महापंचायत के जिला अध्यक्ष गोपीलाल डोडवाडी, उपाध्यक्ष सीताराम खादवाल ने आरोप लगाया कि कृषि उपज मंडी सचिव की मिलीभगत से व्यापारियों द्वारा 50 किलो जींस पर 300 ग्राम जींस अधिक ली जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके बारे में पूर्व में भी मंडी सचिव को ज्ञापन दिया गया है लेकिन मंडी सचिव द्वारा कोई उचित कानूनी कार्यवाही नहीं की गई।