कोटपूतली-बहरोड़: जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की पर्याप्त सप्लाई और स्टोरेज है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सोशल मीडिया पर अफवाहों के प्रति सचेत रहें तथा उनपर कड़ी कार्रवाई कर अंकुश लगाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सम्पर्क पोर्टल तथा हेल्पलाइन नम्बरों पर एलपीजी की आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का 24 घंटे में समाधान करने के निर्देश दिये। जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने बुधवार को एलपीजी आपूर्ति के सम्बंध में जिला रसद अधिकारी, टोरेंट पीएनजी गैस प्रतिनिधि, एलपीजी एसोसियेशन प्रतिनिधि के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। जिला कलेक्टर ने डीएसओ को औद्योगिक क्षेत्र में पीएनजी को प्रोत्साहित करने हेतु एलपीजी बेस्ड इकाइयों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस तथा ऑइल व गैस कम्पनियों के नोडल अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्थानीय एलपीजी आपूर्ति की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रतिदिन के स्टॉक और आपूर्ति पर निगरानी के लिए पेट्रोल पंपों तथा गैस एजेंसियों का नियमित रूप से निरीक्षण के भी निर्देश दिये। जिला कलेक्टर ने कहा कि आमजन को बुकिंग के संबंध में धैर्य रखने के लिए प्रोत्साहित करें। वर्तमान स्थिति में धैर्य का परिचय देना आवश्यक है, जिससे सभी वंचित वास्तविक उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति प्राप्त हो सके। गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि एक अतिरिक्त कर्मचारी लगाते हुए लोगों को बुकिंग के संबंध में समझाइश करें कि जो उनकी बुकिंग करने के विभिन्न प्लेटफार्म व नंबरों के बारे में समस्त जानकारी सहज व धैर्यपूर्वक प्रदान करें। जिला कलेक्टर ने उपभोक्ताओं से निवेदन करते हुए कहा है कि गैस बुकिंग शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता द्वारा पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही किया जाए। साथ ही बुकिंग केवल मोबाईल एप, बेबसाईट, व्हाट्सएप, आईवीआरएस के माध्यम से ही करवाएं तथा गैस एजेन्सी पर जाकर बुकिंग कराने का प्रयास न करें। एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अवैध संग्रहण और काला बाजारी की निगरानी के संबंध में जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण सहित जिले के उपखंड अधिकारी व जिला रसद अधिकारी सहित निरीक्षण एवं प्रवर्तन दलों द्वारा लगातार गैस एजेंसियों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में कार्यरत 24 गैस एजेंसियों का निरीक्षण जिला कलक्टर, एडीएम, डीएसओ, एसडीएम, डीएसपी, तहसीलदार एवं प्रवर्तन स्टाफ द्वारा किया गया है। वहीं जिले में कार्यरत 27 होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानो की भी जाँच की गई हैं, साथ ही जिले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा के तहत वाणिज्यक दुरुपयोग एवं कालाबाजारी में उपयोग के दौरान 221 गैस सिलेंडर जब्त कर न्यायालय जिला कलक्टर में प्रस्तुत किये गये। उन्होंने बताया कि मैसर्स गुंजन गैस एजेंसी झमेला की ढाणी कोटपूतली में गैस के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्यवाही करते हुये 95 खाली एवं 106 भरे हुए कुल 201 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त कर प्रथम सुचना रिपोर्ट आवश्यक वस्तु एवं सेवा अधिनियम 1955 की धारा के तहत प्रथम सुचना रिपोर्ट सम्बन्धित थाने में दर्ज करवाई जा चुकी है। डीएसओ ने बताया कि बुकिंग के अनुसार सप्लाई नियमित रूप से हो रही है और गैस एजेंसी संचालकों को भी बॉटलिंग प्लांट से समुचित सप्लाई प्राप्त हो रही है। किसी प्रकार का पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक बुकिंग करने से भी सर्वर की स्पीड स्लो हो रही है। उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी की सभी डिलीवरी ओटीपी एवं डायरी में एंट्री के माध्यम से की जा रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सिलेन्डर वास्तविक उपभोक्ता को ही प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति में परेशानी आने अथवा घरेलू गैस सिलेंडरों के संबंध में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के संबंध में उपभोक्ता तीन हेल्पलाइन नंबरों, क्रमशः 112, 14435, 181 पर शिकायत दर्ज करवा सकता है। शिकायत प्राप्त होते ही प्रशासन त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगा।
जिले में एलपीजी गैस, डीजल और पैट्रोल की पर्याप्त सप्लाई और स्टोरेज: जिला कलेक्टर
By -
March 25, 2026
0
Tags: