झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बाबा गंगाराम के पावन धाम श्री पंचदेव मंदिर में आगामी सोमवार, 6 अप्रैल को श्री बाबा गंगाराम मेला विभिन्न कार्यक्रमों के साथ समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। आशीर्वाद दिवस के उपलक्ष में आयोजित मेले में विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंदिर परिसर में विशाल भजन-संध्या, बिजली की आकर्षक सजावट, दर्शन-पूजन, अभिषेक, सामूहिक संगीतमय पाठ, मनोहारी पुष्प-श्रृंगार, छप्पन-भोग एवं बधाई-उत्सव के कार्यक्रम होंगे। मेले में मथुरा की सुप्रसिद्ध स्वचालित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेगी। महोत्सव में बड़ी संख्या में राज्य एवं बाहर से प्रवासी श्रद्धालुगण एवं ख्याति प्राप्त कलाकार यहाँ पधारेंगे। मेले में 50 फीट लम्बी समुद्र मंथन की भव्य मनमोहक स्वचालित झांकी सजाई जाएगी, जो आकर्षण का केंद्र होगी। इसके अलावा अन्य स्वचालित झांकियां भी सजाई जायेगी।
महोत्सव में दोपहर 4 बजे से विशाल भजन संध्या होगी। भजन संध्या में कोलकाता के विख्यात गायक ज्योति खन्ना एवं लखनऊ के कुमार शानू संगीतमयी भजनों की प्रस्तुति देंगे। महोत्सव का प्रारंभ प्रातः 5:30 बजे महामंगला आरती से होगा तत्पश्चात प्रातः 8 बजे से श्रद्धेय अनिल कुमार मोदी के तत्वावधान में सामूहिक संगीतमय बाबा गंगाराम अमृतवाणी का पाठ किया जायेगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिला व पुरुष भाग लेंगे। पाठ का वाचन कोलकाता के सुप्रसिद्ध कलाकार सौरभ मधुकर करेंगे तत्पश्चात प्रसाद वितरण किया जायेगा। प्रधान मंड में फूलों एवं बंगाल की प्रसिद्ध थर्मोकोल एवं कलात्मक सजावट करने के लिए कोलकाता के कुशल कारीगरों को बुलाया गया है, जो दिन-रात मंदिर परिसर में कार्य को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। इस भव्य मेले में भाग लेने के लिए बाबा के भक्तगण देश के विभिन्न भागों से यहाँ पधारतें हैं और बाबा के दरबार में मनौतियाँ मांगते हुए अपनी श्रद्धा सुमन प्रकट करतें हैं। मेले में भाग लेने के लिए कोलकाता, मुंबई, सूरत, इंदौर, बिलासपुर, कानपुर, पटना आदि देश के विभिन्न भागों से प्रवासी भक्तगण भी बड़ी संख्या में यहाँ पहुंचे रहे हैं, जिसके लिए समिति द्वारा उनके आवास आदि की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन प्रतिवर्ष बैसाख कृष्ण चतुर्थी को बाबा गंगाराम के परम आराधक भक्त शिरोमणि श्री देवकीनंदनजी के आशीर्वाद दिवस एवं नवनिर्मित आशीर्वाद मंदिर के पाटोत्सव के रूप में झुंझुनू सहित विभिन्न स्थानों पर मनाया जाता है।