पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): श्री श्याम मंदिर पिलानी का 67वां वार्षिकोत्सव इस वर्ष 'श्याम अमृत महोत्सव' के रूप में बेहद भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। श्री श्याम सेवा समिति द्वारा आयोजित यह महोत्सव 27 मार्च से 30 मार्च 2026 तक चार दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
*चार दिवसीय महोत्सव का विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा*
* 27 मार्च, शुक्रवार: महोत्सव का शुभारंभ शाम 6:15 बजे निशान स्थापना के साथ होगा। इसके पश्चात शाम 7:15 बजे गायत्री दीपयज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
* 28 मार्च, शनिवार: सुबह 8:15 बजे से पंडित दिनेश शर्मा (झुंझुनूं वाले) द्वारा अखण्ड ज्योति पाठ किया जाएगा।
* 29 मार्च, रविवार: यह मुख्य उत्सव का दिन होगा। सुबह 7:15 बजे से रथयात्रा (शोभायात्रा) निकाली जाएगी। विदित हो सनातन धर्म के धार्मिक आयोजनों में संतो के सानिध्य बिना आयोजन अधूरा रहता है। शोभायात्रा अखिल भारतीय श्री निंबार्क नागापीठ त्रिवेणी धाम के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 स्वामी विश्वरूप दास जी महाराज (काठिया बाबा) के सानिध्य में सम्पन्न होगी। शोभायात्रा श्याम मंदिर प्रांगण से पिलानी के मुख्य मार्गों मैन बाजार, निहाली चौक, बड़ चौक से होती हुई वापिस मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। मैन बाजार स्थित श्री गोपीनाथ जी मंदिर के मुख्य पुजारी बाबा श्याम की आरती व पुष्प वर्षा से स्वागत किया जायेगा। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण नामिक नासिक का बैंड और झांकियां शामिल होंगी। इसी दिन रात्रि 9:15 बजे से विशाल भजन संध्या (रात्रि जागरण) का आयोजन होगा, इसमे नामी भजन गायक बाबा का गुणगान करेंगे।
* 30 मार्च, सोमवार: महोत्सव का समापन सुबह 11:15 बजे से आयोजित विशाल प्रसाद भण्डारा के साथ होगा।
*भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था*
समिति के व्यवस्थापक अरूण भौमिया बिल्लू ने बताया कि इस 'श्याम अमृत महोत्सव' के लिए मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था मंदिर धर्मशाला में की गई है। समिति के पदाधिकारियों ने सभी भक्तों से सपरिवार इस महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।