शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, रातभर बही भक्ति की धारा

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (विजय कपूर): हर-हर महादेव...ओम नम् शिवाय...' के संवेत स्वरों से शिवालय गूंज रहे हैं। अवसर है महाशिवरात्रि पर्व का। श्रद्धालु देवों के देव महादेव को रुद्राभिषेक, जलाभिषेक से रिझा रहे हैं। मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की कतारें लगी हैं। बीकानेर शहर में शिवाबाड़ी, सागर, मार्केण्डेश्वर, धरणीधर, महानंद, काशी विश्वनाथ, रंगोलाई के रामेश्वरनाथ महादेव, गोपेश्वर, फक्कड़ेश्वर, जनेश्वर, अचलेश्वर, आचार्य बगीची के जबरेश्वर, गंगाशहर के केदारनाथ, श्रीरामसर रोड स्थित महानंद महादेव मंदिर सहित शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना और अभिषेक का सिलसिला चल रहा है। रात के चार प्रहर में विशेष पूजा-अनुष्ठान हुये। भक्ति जागरणों का आयोजन भी हुआ। 

*सुबह से दर्शनार्थियों ने की पूजा-अर्चना*

काशी विश्वनाथ मंदिर के पुजारी राजेन्द्र सेवग ने बताया कि शिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही दर्शनार्थी भगवान शिव को रिझा रहे हैं। सुबह से ही अभिषेक चल रहा है। रात आठ बजे से सुबह तक चार प्रहर की विशेष पूजा हुई, साथ ही महाआरती भी हुई। पंड़ित राजेन्द्र सेवग ने बताया कि वे बीते पांच दशक से इस प्राचीन मंदिर में पूजा कर रहे हैं।  

*मगनेश्वर मंदिर: जहां श्रद्धालु ही है पुजारी*

नत्थूसर गेट बाहर स्थित मगनेश्वर महादेव का प्राचीन मंदिर है। जहां पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई थी। नियमित रूप से पूजन-अभिषेक के लिए आने वाले सत्यनारायण व्यास ने बताया कि यह बहुत ही प्राचीन मंदिर है, यहां पर खास यह है कि इसमें आने वाले श्रद्धालु ही पुजारी है। जो भी आता है, अपनी पूजा करता है। मंदिर का रखरखाव भी जनसहयोग से ही हो रहा है। सत्यनारायण व्यास बीते कई दशकों से यहां नियमित पूजन आरती के समय आते हैं। 

*भव्य बन रहा है अंचलेश्वर महादेव: दर्शनार्थियों का तांता*

जस्सोलाई स्थित जनेश्वर मंदिर परिसर में अंचलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ लगी हुई थी। मंदिर के मुख्य पुजारी बाबूलाल सेवग ने बताया कि उनके दादा और पिता के बाद अब वो सेवा कार्य संभाल रहे हैं। इन दिनों मंदिर में जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। मंदिर में हर शिवरात्रि को ओम नम शिवाय: का विशेष जाप होता है। कल रात से आज़ सुबह तक 9 घंटे में 50 हजार से नाम जाप होगा। पुजारी ने बताया कि वे बीते तीन दशक से यहां पर पूजा अर्चना कर रहे हैं। 

*चार दशक से कर रहे हैं पूजन*

काशी विश्वनाथ मंदिर में अभिषेक करने के लिए आए शिव भक्त केकेbछंगाणी ने बताया कि वे बीते चार दशक से यहां पूजन और दर्शन के लिए आ रहे है। काशी-विश्वनाथ महादेव मेरी सभी मनोकामनाएं पूरी करता है। यह अटूट श्रद्धा है। रात को मंदिर में दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक हुआ। चार प्रहर की पूजा में शामिल हुये। 

*शिव करते है मनोकामना पूरी*

शिव भक्त शिवनारायण स्वामी ने अचलेश्वर महादेव मंदिर में दुग्धाभिषेक किया। बातचीत करने पर बताया कि आज उनका जन्म दिन है, इसके लिए भगवान शिव की आराधना से ज्यादा और क्या हो सकता है। स्वामी ने बताया कि वे तो इस मंदिर में बीते 6 दशक से आ रहे हैं। हमेशा ही जलाभिषेक करते हैं, आज़ शिवरात्री है, तो खास पूजन है। भगवान शंकर से जो मांगा है, वो हमेशा मिला है। शिव में सब समाहित है। शिव भक्त महेश बागड़ी बताते हैं कि भगवान शंकर की आराधना करने में एक अलग तरह का सुकून मिलता है। शिव तो देवों के देव हैं, इनमें सब समाहित हैं। वह सुबह की शुरुआत ही काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन से ही करते हैं। आज शिवरात्रि का पूजन है, जो विशेष फलदायिक है। शिव आराधना है, हर संकट का समाधान कर्मकांड़ी पंड़ित अमरचंद पुरोहित ने बताया कि शिव की आराधना करने से मनुष्य जीवन में हर संकट से छुटकारा संभव है। इसके लिए जरूरी है कि आप नियमित रूप से भगवान शंकर का पूजन, अभिषेक करें। बात आज की करें, तो यह महाशिवरात्रि है, जो भगवान शंकर की आराधना का विशेष पर्व है। आज रातभर के चार प्रहर पूजन करना चाहिए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!