निवाई (लालचंद सैनी): रविवार को बूढला बालाजी मंदिर परिसर में भगवान व पीपल माता का पाणिग्रहण संस्कार विद्वान पंडितों के सानिध्य में मंत्रोचार के साथ विधि विधान से संपन्न हुआ। पीपल माता को ब्याहने के लिए गांव खणदेवत के श्री चारभुजा नाथ मंदिर व सीदडा के राधा गोपाल मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भगवान बरात लेकर पहुंचे। वधू पक्ष स्थल पर पहुंचने पर भगवान की बारातों की वधू पक्ष के लोगों ने विधि विधान से अगवानी की। इस दौरान बारात में शामिल बाराती भजनों की धुनों पर जमकर नृत्य करने लगे। पूरा क्षेत्र भगवान के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद तोरण की रस्म के संपन्न हुई। कन्या पक्ष के नाथूलाल जैन व राकेश जैन ने पीपल माता का कन्या दान किया। इस अवसर पर विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान से पीपल माता व भगवान का पाणिग्रहण संस्कार करवाया। इस अवसर पर श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर प्रेमदास त्यागी महाराज, सुंदरदास महाराज, ब्रह्मचारी दास महाराज रामशरण दास महाराज सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
3/related/default