बीकानेर (प्रमोद आचार्य): बीकानेर वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा का आयोजन बीकानेर के प्रसिद्ध अम्बरवाला होटल में किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरिओम पुरोहित ने की। सभा का आयोजन सचिव गणेश कुमार हर्ष के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सौरभ आचार्य, संयुक्त सचिव राजेंद्र व्यास तथा सदस्य अजय सिंह गहलोत एवं नबील खान उपस्थित रहे। बैठक में आगामी मार्च माह के अंतिम सप्ताह में बीकानेर में प्रस्तावित जिला स्तरीय वुशू प्रतियोगिता एवं 19वीं राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतियोगिता की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं सफल संचालन को लेकर आवश्यक निर्णय लिए गए। इसी दौरान एसोसिएशन के सचिव गणेश कुमार हर्ष द्वारा बीकानेर के प्रतिष्ठित एडवोकेट पवन स्वामी को बीकानेर वुशू एसोसिएशन का चीफ लीगल एडवाइज़र नियुक्त किया गया।इस नियुक्ति का उद्देश्य वुशू एसोसिएशन, वुशू खिलाड़ियों एवं वुशू प्रशिक्षकों को कानूनी मार्गदर्शन प्रदान करना तथा खेल से संबंधित प्रशासनिक, चयन एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को मजबूत एवं पारदर्शी बनाना है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस नियुक्ति से खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा एसोसिएशन का प्रशासनिक ढांचा और अधिक सशक्त होगा। पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा जिले में वुशू खेल को बढ़ावा मिलेगा।
3/related/default