राजस्थान विधानसभा में उप मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री दिया कुमारी ने 2026 का बजट पेश किया। इस बजट में झुंझुनूं जिले के परिपेक्ष्य में देखे तो जो घोषणाएं हुई, उसमें यमुना जल की घोषणा को लेकर राजस्थान, हरियाणा के बाद केन्द्र सरकार की भी भागीदारी की घोषणा की गई। इसके लिए 32 हजार करोड़ की घोषणा की गई। दिया कुमारी ने घोषणा की है कि हथिनी कुंड बैराज से शेखावाटी तक यमुना जल का पानी लाया जाएगा। झुन्झुनू मे एयरपोर्ट का झुनझुना थमाते हुए बजट में कहा गया कि इसके लिए फिजीबिलिटी स्टडी करवाई जाएगी। झुंझुनूं वीर प्रसूता धरा होने का गौरव हासिल करने के साथ ही मां भारती की रक्षार्थ सैनिकों की खान भी है। इसको लेकर वित्तमंत्री ने झुन्झुनू में सेवारत, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं व उनके आश्रितों को विभिन्न सुविधाओं के लिए इंटरगेटेड सैनिक कांप्लैक्स के निर्माण की घोषणा की है। हालांकि खाटूश्याम जी सीकर जिले मे आता है लेकिन जिले के लाखों श्रद्धालु खाटूश्याम जी के दर्शन लाभ कर खुद को धन्य समझते हैं व फाल्गुन मेले में पदयात्रियों के जत्थे जाने के साथ ही बाबा के मंदिर पर निशान झुन्झुनू जिले के सूरजगढ़ का ही चढाया जाता है। इस बजट में खाटूश्याम सहित बीकानेर, भीलवाड़ा सहित कई शहरो पर स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 900 करोड़ का प्रावधान किया गया है। झुन्झुनू जिले की हवेलियों के संरक्षण को लेकर भी बजट में प्रावधान है। अब इस बजट को लेकर झुंझुनूं जिले के स्थानीय नेताओं के बयान आने शुरु हो जायेंगे कि बजट में डबल इंजन सरकार ने झुन्झुनू के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया है। देखा जाए तो बजट केवल बजट ही होता है, इसमें प्रावधान होते हैं। पिलानी विधानसभा को कुंभाराम लिफ्ट परियोजना का पानी मिलेगा, इसके लिए एक शब्द भी नहीं बोला गया। जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल से जल की बात पिछले दो सालों से सुनते आ रहे हैं लेकिन इस परियोजना के क्या हालात हैं, यह सर्वविदित है। खाटूश्याम जी के लिए पिछले बजट में कारीडोर बनाने के लिए 100 करोड़ का प्रावधान था लेकिन अभी तक इसको लेकर कितना काम हुआ, यह सभी को पता है। झुन्झुनू को एयरपोर्ट को लेकर जो घोषणा हुई, इसको लेकर यह प्रचारित किया जायेगा कि एयरपोर्ट जल्द ही आने वाला है। कुल मिलाकर इस बजट को देखकर यही कहा जा सकता है कि इस बजट में झुंझुनूं को मिला बाबाजी का ठुल्लू।
3/related/default