बीकानेर (विजय कपूर): श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के तत्वावधान में सकल श्रीसंघ के सहयोग से मंगलवार को नाल दादाबाड़ी में दादा गुरुदेव जिन कुशल सूरीश्वरजी म.सा. की 693वीं पुण्य तिथि बड़ी पूजा व मेले का आयोजन हुआ। दादाबाड़ी व पदमप्रभु के मंदिर में विशेष श्रृंगार व अंगी की गई तथा ध्वजा चढ़ाई गई। श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि भक्ति संगीत के साथ हुई बड़ी पूजा में जल, केशर-चंदन, पुष्प, अक्षत, नैवेद्य, फल, वस्त्र-इत्र, ध्वज व अर्घ पूजन विभिन्न राग व तर्जों में गाए गए भक्ति गीतों के साथ किया गया। पूजा में विचक्षण महिला मंडल, अरिहंत नाहटा, कुशल बैद, कृणाल छाजेड़, ऋषभ कोठारी व मनीष पारख आदि ने भजन प्रस्तुत किए। पूर्व में नवंकार महामंत्र का जाप किया गया।परमात्मा पद्म प्रभु की प्रतिमा व दादा गुरुदेव जिन कुशल सूरिश्वरजी के पगलियों की अंगी रचना व श्रृंगार ज्ञान वाटिका के बालक-बालिकाओं अरिहंत नाहटा, दर्शन व साक्षी सेठिया, हर्षिता,भूमि जैन ने किया। श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के पूर्व अध्यक्ष निर्मल धारीवाल सहित श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास, श्री खरतरगच्छ युवा परिषद, श्री जिनेश्वर युवक परिषद, श्री सुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट के पदाधिकारी व सदस्य तथा गंगाशहर, भीनासर, उदासर, उदयरामसर, बीकानेर व नाल के श्रावक-श्राविकाओं ने हिस्सा लिया। श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास की ओर से श्रावक-श्राविकाओं के लिए बस की सुविधा सुलभ करवाई गई।
दादा गुरुदेव जिन कुशल सूरीश्वरजी की 693वीं पुण्यतिथि पर नाल दादाबाड़ी में भक्ति संगीत के साथ बड़ी पूजा व मेला
By -
February 17, 2026
0
Tags: