बज्जू/बीकानेर: समुदाय में नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अभियान में प्रभावशाली व्यक्तियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप जिला चिकित्सालय बज्जू के प्रशिक्षण भवन में धर्मगुरुओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों की एक दिवसीय आमुखीकरण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक प्रभारी डॉ.सुनील जैन, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिवराज सिद्ध, विकास अधिकारी त्रिभुवन तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन के मॉनिटर इंदरदान चारण उपस्थित रहे। दिशा समाज सेवी संस्था की ओर से जिला समन्वयक सलमान खान तथा ब्लॉक समन्वयक मोहम्मद साजिद, शंकर लाल एवं रोहिता पालीवाल ने टीकाकरण की महत्ता पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान शून्य डोज बच्चों की पहचान, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने तथा टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों के निराकरण पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि समय पर टीकाकरण बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने का प्रभावी माध्यम है और इसके लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग आवश्यक है। ब्लॉक प्रभारी डॉ.सुनील जैन ने अपने संबोधन में कहा कि धर्मगुरुओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन को सशक्त बनाया जा सकता है। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिवराज सिद्ध ने नियमित टीकाकरण पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे एवं गर्भवती महिला का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकास अधिकारी त्रिभुवन ने टीकाकरण की महत्ता प्रत्येक परिवार तक पहुँचाने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक में उपस्थित प्रभावशाली व्यक्तियों एवं महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए तथा टीकाकरण अभियान में पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने शपथ ली कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाते हुए नियमित टीकाकरण में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
3/related/default