सुजडोला/पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बाबा मढ़ी धाम में सोमवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ 501 कलशों की ऐतिहासिक एवं भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर मुख्य यजमान शमदर सिंह शेखावत सपत्नीक ने कलश यात्रा को रवाना किया। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस आस्था यात्रा ने पूरे सुजडोला–पिलानी क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। घोड़ा-ऊंट, बैंड-बाजा, डीजे साउंड और “हरि बोल” के जयघोष के साथ निकली शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पांच गांवों के श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को धार्मिक जनसैलाब का रूप दे दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सरोज श्योरान रहीं, जिन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक चेतना का प्रतीक बताया। महंत आकाश गिरी के सानिध्य में निकली शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से कथा स्थल तक पहुंची, जहां वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक का भावभीना स्वागत किया गया। कथा स्थल पर प्रसाद वितरण के बाद श्रीमद्भागवत का मंगलाचरण हुआ। कथावाचक ने प्रथम दिवस भगवान की महिमा का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। महिलाओं की विशेष भागीदारी ने आयोजन को आध्यात्मिक उत्सव का रूप दे दिया। आयोजन समिति के महेश बसावतिया ने बताया कि कथा का आयोजन सात दिनों तक नियमित रूप से होगा। प्रतिदिन भजन-कीर्तन, कथा व प्रसादी का कार्यक्रम रहेगा तथा समापन अवसर पर विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि 25 फरवरी को भव्य मेले का आयोजन होगा, जिसमें खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कलश यात्रा ने न केवल क्षेत्र में भक्ति की अलख जगाई, बल्कि गांवों के बीच धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का सशक्त संदेश भी दिया। इस अवसर पर अर्जुन सिंह शेखावत, जगमाल यादव, मानसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।