कोटा (श्रीराम इंदौरिया): वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के एमएससी तथा बीएड पाठ्यक्रम के सत्र जनवरी 2026 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन का अंतिम अवसर दिया गया हैं। निदेशक विज्ञान व तकनीकी विद्यापीठ प्रो.अनुराधा दुबे ने बताया कि विश्वविद्यालय के एमएससी (बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स तथा जूलॉजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संबंधित विषय में बीएससी पास होना अनिवार्य है। इच्छुक व पात्र अभ्यर्थी वीएमओयू की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक की सहायता से पांच सौ रूपए आवेदन शुल्क अदा कर अपना फॉर्म 27 फरवरी तक भर सकते हैं।
*पात्रता व प्रवेश नियम*
संयोजक प्राणी शास्त्र डॉ.संदीप हुड्डा ने बताया कि अप्लाई करने से पूर्व अभ्यर्थी ऑनलाइन उपलब्ध गाइडलाइन तथा पात्रता शर्तें अच्छे से पढ़ लेवे। एमएससी में प्रवेश के लिए संबंधित विषय में बीएससी पास होना अनिवार्य हैं। परिणाम का इंतजार कर रहे या वर्तमान में बीएससी में अध्ययनरत अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सकते। अभ्यर्थी का प्रवेश मेरिट,उसके द्वारा भरे गए अध्ययन केंद्रों के विकल्प, राजस्थान सरकार के आरक्षण नियमों तथा उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा। एमएससी में विश्वविद्यालय के विभिन्न अध्ययन केंद्रों में बॉटनी मे 325, जूलॉजी में 325, फिजिक्स में 300 तथा केमिस्ट्री में 500 सीटें हैं। अभ्यर्थी को अपनी रुचि के विषय में उपलब्ध सभी सेंटरों के विकल्प अपनी वरीयता के हिसाब से भरने आवश्यक हैं। पात्र अभ्यर्थी एमएससी के किसी एक विषय में ही अप्लाई कर सकते है।
*दूरस्थ बीएड पाठ्यक्रम में आवेदन का भी अंतिम अवसर*
शिक्षा विद्यापीठ की निदेशक प्रो.कीर्ति सिंह ने बताया कि बीएड पाठ्यक्रम की पांच सौ सीटों पर भी प्रवेश में आवेदन की भी अंतिम तिथि 27 फरवरी ही है। जिसमें सेवारत प्राइमरी शिक्षक, जिन्होंने नियमित रूप से डीएलएड कोर्स किया है तथा स्नातक योग्यता रखते है, वे आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश का आधार स्नातक परीक्षा में प्राप्त अंक तथा लागू आरक्षण नियम होंगे।
*कैसे करे आवेदन*
आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थी अपने सभी मूल दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतिलिपि, पहचान पत्र, फोटो तथा हस्ताक्षर की सॉफ्ट कॉपी अपने पास रखे। अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग तथा आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थी सुनिश्चित करे कि उनका प्रमाण पत्र एक साल से पुराना न हो। जारी होने की तिथि एक वर्ष से पूर्व होने पर वेबसाइट पर उपलब्ध घोषणा पत्र भरकर अपलोड करें। राज्य सरकार के नियमानुसार किसी भी परिस्थिति में तीन साल से पुराना प्रमाण पत्र मान्य नहीं होगा। आवेदन अभ्यर्थी स्वयं ऑनलाइन अथवा राजस्थान में स्थित किसी भी ई-मित्र केंद्र से कर सकते हैं। राजस्थान से बाहर के अभ्यर्थी भी अप्लाई कर सकते है लेकिन उन्हें आरक्षण का लाभ देय नहीं होगा।