बीकानेर: कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने राजस्थान सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को 'विकसित राजस्थान @2047' के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक, दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व एवं उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के 8 करोड़ नागरिकों की आशाओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिबिंब है। विधायक भाटी ने विशेष रूप से कोलायत विधानसभा क्षेत्र को मिली सौगातों का उल्लेख करते हुए कहा कि देशनोक में 24×7 पेयजल आपूर्ति हेतु 750 करोड़ रुपए का प्रावधान ऐतिहासिक निर्णय है। इससे माँ करणी की नगरी देशनोक सहित आसपास के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। ग्राम नोखा दैया जलयोजना के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए राशि स्वीकृति भी सराहनीय है।
विधायक भाटी ने कहा कि नहरी क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण हेतु पन्नालाल बारूपाल लिफ्ट नहर प्रणाली के जीर्णोद्धार के लिए 60 करोड़, कोलायत लिफ्ट नहर प्रणाली के पुनर्निर्माण, मरम्मत एवं आधुनिकीकरण के लिए 50 करोड़ रुपए, बरसलपुर शाखा नहर प्रणाली की बुर्जी संख्या 0 से 114 तक 24,067 हेक्टेयर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त खालों के जीर्णोद्धार हेतु 108 करोड़ रुपए तथा इंदिरा गांधी मुख्य नहर की बुर्जी 860 से 961 के मध्य 9,476 हेक्टेयर क्षेत्र में सीधे माइनर एवं मोघों के जीर्णोद्धार हेतु 48 करोड़ रुपए की घोषणा को भाटी ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।