जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): एसकेआईटी कॉलेज के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव 'प्रवाह-2026' के चौथे दिन का आयोजन उत्साह, रचनात्मकता और अद्वितीय प्रतिभा का संगम रहा। दिन का मुख्य आकर्षण संगीत प्रेमियों के लिए आयोजित गायन प्रतियोगिता "सुर" रही, जिसने पूरे सभागार को सुरम्य वातावरण में सराबोर कर दिया। इस प्रतियोगिता में कुल 19 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने अपनी मधुर प्रस्तुतियों और गायन कौशल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। क्लासिकल से लेकर बॉलीवुड के आधुनिक गीतों तक, विभिन्न संगीत शैलियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम की भव्यता तब और बढ़ गई जब निर्णायक मंडल की भूमिका में विख्यात सुपर सिंगर तुषार मोदी और संगीत विशेषज्ञ वेदांत खंडेलवाल उपस्थित हुए। प्रतियोगिता का अंत तालियों की गड़गड़ाहट के साथ हुआ, जहाँ सुरों के इस महाकुंभ ने 'प्रवाह-2026' की यादों में एक सुनहरा अध्याय जोड़ दिया। “स्टार्टअप एक्सपो” युवा उद्यमियों के लिए एक प्रभावशाली मंच साबित हुआ, जहाँ छात्रों ने ड्रोन, ईवी बाइक और विभिन्न तकनीकी समाधानों जैसे नवाचार प्रस्तुत कर अपनी उद्यमशील सोच का प्रदर्शन किया। एक्सपो में लगभग 60 टीमो ने भाग लिया। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में हरमिंदर सिंह मुल्तानी और तनुज माथुर उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। "रंग" प्रदर्शनी ने कला गैलरी को रंगों और रचनात्मकता के जीवंत मिश्रण में बदल दिया। इस प्रदर्शनी में चित्रकला, डिजिटल कला और इन्स्टॉलेशन का अद्वितीय प्रदर्शन किया गया, जिससे उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला। इन प्रमुख आयोजनों के साथ-साथ कई तकनीकी और मज़ेदार प्रतियोगिताएं भी दिनभर आयोजित की गई। टाइपिंग टाइटन्स, स्क्विड गेम, एस्केप रूम, रोबो स्केर, वे स्टॉक मार्केट जैसे कई अन्य रोमांचक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने पूरे दिन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया।
3/related/default