झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान बजट 2026-27 में झुंझुनूं जिले को मिली ऐतिहासिक सौगातों को लेकर शनिवार को झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र, सतत एवं समावेशी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने वाला है। विधायक ने बताया कि बजट महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों व वंचित वर्गों के कल्याण को समर्पित है तथा आधारभूत संरचना, बिजली, पानी, शिक्षा और चिकित्सा जैसे मूलभूत क्षेत्रों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विशंभर पूनिया, ललित जोशी एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह भी मौजूद रहे।
*जिले को मिली विकास की सौगातें*
विधायक भांबू ने बताया कि बजट में झुंझुनूं जिले के सड़क, पेयजल, बिजली, खेल, चिकित्सा, सैनिक कल्याण, सांस्कृतिक संरक्षण और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। जिले में नई सड़कों का निर्माण, रेलवे ओवरब्रिज, विद्युत एवं पेयजल ढांचे का विस्तार, नए कार्यालयों की स्थापना, खेल स्टेडियम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पशु चिकित्सालयों का उन्नयन तथा कानून व्यवस्था को मजबूत करने के कदम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
*यमुना जल परियोजना बनेगी जीवनदायिनी*
विधायक ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र के लिए वर्षों से प्रतीक्षित यमुना जल परियोजना के लिए 32 हजार करोड़ रुपए का बजट प्रावधान ऐतिहासिक निर्णय है। इससे झुंझुनूं सहित सीकर और चूरू जिलों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
*सैनिक गौरव, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा*
उन्होंने बताया कि झुंझुनूं में इंटीग्रेटेड सैनिक परिसर और वार म्यूजियम की स्थापना से जिले की वीर परंपरा को सम्मान मिलेगा। शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना के तहत क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण किया जाएगा, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
*स्वास्थ्य, शिक्षा और युवाओं के लिए नई पहल*
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल, नशा मुक्ति वार्ड, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास, शिक्षा सुविधाओं के विस्तार और प्रतियोगी परीक्षाओं के बेहतर आयोजन जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे प्रदेश का मानव संसाधन मजबूत होगा।
*एयरपोर्ट व निवेश को मिलेगा बढ़ावा*
विधायक भांबू ने कहा कि सीकर-झुंझुनूं में नए एयरपोर्ट की फिजिबिलिटी स्टडी से क्षेत्र में निवेश, उद्योग और पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने बजट को विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य को साकार करने वाला बताते हुए कहा कि सरकार सेवा, समर्पण और सुशासन की भावना से प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में विधायक ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बजट की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से झुंझुनूं जिले में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।