हनुमान हत्था चौक में 11वां भव्य फाग उत्सव आज, तैयारियां पूरी

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (प्रमोद आचार्य): फाल्गुन माह की उमंग और श्याम भक्ति के रंगों से सराबोर 11वां भव्य फाग उत्सव 21 फरवरी 2026 को हनुमान हत्था चौक में श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से प्रभु इच्छा तक निरंतर चलेगा, जिसमें भक्तों को भक्ति, संगीत और रंगों का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। आयोजन में शेखावाटी क्षेत्र से पधारे लोक कलाकार पारंपरिक चंग की धमाल प्रस्तुत करेंगे। चंग की थाप पर गूंजते फाग गीत वातावरण को भक्तिमय बना देंगे और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो जाएंगे। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके कलाकारों द्वारा बाबा श्याम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस अवसर पर कमलेश शर्मा, पिंकी सोलंकी, अंकिता शर्मा, गोविंद सहल एवं मयंक शर्मा श्याम बाबा के सुमधुर भजनों से दरबार को भक्तिमय बनाएंगे। कार्यक्रम में चेतन झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिनमें भक्तों को भक्ति भाव से ओत-प्रोत अलौकिक झलकियां देखने को मिलेंगी। इसके साथ ही सत्यम आर्ट ग्रुप की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

*56 भोग भी लगाए जाएंगे*

इस अवसर पर बाबा का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार, 56 भोग, इत्र वर्षा, फूलों की होली एवं सुसज्जित भव्य दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। फूलों की होली और श्याम भजनों से सजा दरबार भक्तों को एक दिव्य एवं अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यह जानकारी आयोजक मंडल की ओर से बाबूलाल शर्मा, किशन शर्मा, नारायण शर्मा एवं हेमंत शर्मा ने दी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!