बीकानेर।राजस्थानी लोक संस्कृति को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले बीकानेर के युवा कलाकार राहुल थानवी आज अपनी लंबी दाढ़ी, घनी मूंछों और भव्य पगड़ी के कारण एक अलग पहचान बना चुके हैं। उन्होंने अपनी अनोखी शैली के दम पर न केवल कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं, बल्कि राजस्थानी परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
राहुल थानवी ने दाढ़ी-मूंछ प्रतियोगिताओं में कई प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किए हैं। इनमें मिस्टर मुछ श्री अंतरराष्ट्रीय कैमल महोत्सव जैसलमेर, नेशनल मुछ चैंपियन गुरुग्राम, राजस्थान बेस्ट मुछ अजमेर, भोपाल बेस्ट मुछ-दाढ़ी अवार्ड और HBS गॉडरेज बीर्ड 2023 प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शामिल है। वर्ष 2020 में हिस्ट्री चैनल पर उनकी दाढ़ी-मूंछ पर विशेष इंटरव्यू भी प्रसारित हुआ।
राजस्थानी पगड़ी की परंपरा को जीवित रखने में भी राहुल की अहम भूमिका रही है। वर्ष 2020 में उनके सिर पर विश्व की सबसे बड़ी पगड़ी बांधी गई, जबकि वर्ष 2025 में 2025 फीट लंबी पगड़ी बांधकर उन्होंने नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। उनकी प्रतिमा वर्ष 2021 में बीकानेर रेलवे स्टेशन पर स्थापित की गई, जो आज पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।
राहुल थानवी ऊंट उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने के साथ-साथ बॉलीवुड फिल्म बच्चन पांडे में अक्षय कुमार के साथ काम कर चुके हैं और संगीतकार अमित त्रिवेदी के एल्बम शूट में भी नजर आ चुके हैं। उनकी उपलब्धियां न केवल व्यक्तिगत सफलता हैं, बल्कि राजस्थानी संस्कृति को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम भी हैं।