शीतलहर के बीच सीएमएचओ का सीएचसी पिलानी दौरा

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड के मद्देनज़र मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.छोटेलाल गुर्जर ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिलानी का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में ओपीडी व आईपीडी में आने वाले मरीजों को ठंड से बचाने के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। डॉ.गुर्जर ने वार्डों में कंबल एवं हीटर की उपलब्धता की जांच करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अस्पताल की फार्मेसी में दवाओं का स्टॉक जांचा तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध हों। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार, सफाई एवं स्टाफ व्यवहार को लेकर जानकारी ली। मरीजों ने संतोषजनक सेवाएं मिलने की बात कही।
डॉ.गुर्जर ने मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पैकेज जोड़ने पर जोर दिया, जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने लाडो योजना के अंतर्गत बकाया भुगतानों को शीघ्र जारी कराने तथा आगे से प्रसूता को डिस्चार्ज के समय ही भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी रोगियों की पहचान एवं स्क्रीनिंग के लिए टीम गठित कर अभियान को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के समय बीसीएमओ डॉ.राजेन्द्र प्रसाद मौजूद रहे। सीएमएचओ ने स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!