निवाई (लालचंद सैनी): पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिससे विद्यालय परिसर उत्साह व भावनाओं से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के सैकड़ों पूर्व छात्रों ने शिरकत की, जो आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर आसीन हैं। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व संभागीय आयुक्त डॉ.धर्मेंद्र भटनागर, पूर्व सेवानिवृत्त आईपीएस सत्यनारायण जाट, एडवोकेट श्रीकांत मिश्रा, कर्नल राजाराम जाट व आरपीएस यशोधन पाल सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व संभागीय आयुक्त डॉ.धर्मेंद्र भटनागर ने कहा कि निवाई विद्यालय हमारी आत्मा में बसा है। हम चाहते हैं कि यहां से निकले हुए बच्चे राजस्थान और देश-विदेश में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करें। हमारी टीम विद्यार्थियों के लिए अधिक से अधिक सुविधाओं हेतु तत्पर है। अतिथियों ने संविधान कक्षा, बाल वाटिका, एक भारत श्रेष्ठ भारत ड्राइंग एंड पेंटिंग व विज्ञान प्रदर्शनी को देखकर विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने हेतु प्रेरित किया तथा विद्यालय के नवाचारों की सराहना की। प्रधानाचार्य गिरिराज प्रसाद गुर्जर ने कहा कि एक छात्र ही दुनिया में अपने विद्यालय का नाम रोशन करता है। पूर्व छात्रों को वापस परिसर में देखकर पूरी स्कूल टीम गौरवान्वित है। उप प्रधानाचार्य राजेश विजय ने बताया कि वर्तमान छात्र-छात्राओं ने अपने सीनियर्स के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान नृत्य, संगीत व नाटकों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन ने चिकित्सा, इंजीनियरिंग, समाज सेवा व कला के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित भी किया। पशुपालन विभाग के सेवानिवृत उपनिदेशक डॉ.पीसी जैन, सेवानिवृत पुलिस अधीक्षक सीबीआई सत्यनारायण जाट व प्रधानाध्यापक कौशल सुल्तान ने विद्यालय को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मोरपाल गुर्जर द्वारा किया गया। इस अवसर पर पार्षद मदनलाल वर्मा, डॉ.राजकुमार करनानी, नवनियुक्त आईएएस सुमन गुर्जर, डॉ.देवेंद्रपाल सिंह, पूर्व छात्र गिरिराज प्रसाद गुर्जर, उप प्रधानाचार्य सरिता भट्ट, हजारी लाल बैरवा, त्रिलोक चन्द जैन, महेश चंद गर्ग, डॉ.स्वाति जनकावत, प्रतिभा मीणा, राजेश विजय, सुमन विजय, विष्णुकान्त शर्मा व देवेन्द्र जैन सहित कई पूर्व छात्र मौजूद थे।
3/related/default