जयपुर (वसीम अकरम कुरेशी): कुरैशी समाज की ओर से शुरू की गई नो दहेज, नो डिनर, नो गार्डन मुहिम का असर राजस्थान के विभिन्न शहरों में नजर आ रहा है। वहीं इस मुहिम में अब इस्लाहे मआशरा कमेटी ने बागडोर संभाली है और कदम आगे बढ़ाते हुए अपना अहम रोल अदा कर रही है। इस मुहिम का आगाज राजधानी जयपुर से वरिष्ठ समाजसेवी एवं बिजनेसमैन झोटवाड़ा निवासी छुट्टन कुरैशी ने अपनी पुत्री एवं ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष नईम कुरैशी के लड़के की सादगी के साथ संपन्न हुई निकाह की रस्म अदायगी से 24 दिसम्बर 2024 झोटवाड़ा से हुई थी। जिसमें बिजनेसमैन छुट्टन कुरैशी ने अपनी पुत्री आलिमा का निकाह नईम कुरैशी के लड़के के साथ झोटवाड़ा की नूरानी मस्जिद में सादगी के साथ कराया था। इस कार्यक्रम में ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिराज अहमद कुरैशी सहित समाज के कई वरिष्ठजन शामिल हुए थे। सादगी के साथ संपन्न हुए इस निकाह अदायगी रस्म की सभी ने प्रशंसा की। तत्पश्चात जयपुर सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों में इस प्रकार के आयोजनों का शुभारंभ हुआ। इसी कड़ी में अब मंगलवार 6 जनवरी को झोटवाड़ा निवासी मेराज कुरैशी के पुत्र सोहेल का निकाह एमडी रोड निवासी नासिर कुरैशी की लड़की अंजुम के साथ मस्जिद कुरैशियान में सादगी के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर सभी आगंतुकों को खिजूर पेश की गई।
*कल नूरानी मस्जिद में सादगी से होगा निकाह*
इसी सिलसिले की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए 8 जनवरी 2026 को झोटवाड़ा निवासी मेराज कुरैशी की पुत्री शहनाज का निकाह रामनगर, शास्त्री नगर निवासी जहीरूद्दीन के पुत्र जुनैद के साथ झोटवाड़ा स्थित नूरानी मस्जिद में बाद नमाजे जोहर दोपहर करीब ढाई बजे शरीयत के मुताबिक होगा। इस दौरान निकाह की रस्म सादगी के साथ अदा की जाएगी और सभी आगंतुकों को खिजूर पेश की जाएगी। इस मौके पर बिरादरी के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाजसेवी शामिल होंगे।