झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की स्थिति एवं निस्तारण की प्रगति के साथ-साथ राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परिवादों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण का फीडबैक सही ढंग से पोर्टल पर दर्ज किया जाना आवश्यक है। बैठक के दौरान राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त बैठक में जयपुर में आयोजित होने वाली आर्मी डे परेड में आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले से अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा इसके लिए प्रचार-प्रसार, पंजीकरण एवं परिवहन जैसी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि आर्मी डे परेड राष्ट्र गौरव का विषय है और आमजन की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव, झुंझुनू एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह, जिला लेखाधिकारी डॉ.सतीश खेदड़, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता एमके टिबडा़, सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉ.जितेंद्र भांबू, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विप्लव न्यौला, प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक सृष्टि, एपीआरओ विकास चाहर, महिला एवं बाल विकास के उपनिदेशक बृजेंद्र राठौड़, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ पवन पूनिया, जिला रसद अधिकारी डॉ निकिता राठौड़, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ राजेंद्र सिंह लांबा, उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ विजयपाल कस्वा, डीईओ प्रारंभिक संतोष सोहू, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक देवेंद्र चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नेहा झाझडिया, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अभिषेक चौपदार, जिला खेल अधिकारी राजेश ओला सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।