झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर जिला स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनके आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि के बाद रामधुन एवं भजनों का गायन हुआ। गायक आत्माराम जांगिड़ ने रामधुन एवं गांधीजी के प्रिय भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भाव विभोर कर दिया। इसके पश्चात दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, तहसीलदार भू-अभिलेख राकेश पूनिया एवं कर्मवीर खीचड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने गांधी जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए सत्य, अहिंसा और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में प्रासंगिक हैं। गांधी के आदर्शों की महत्ता आज भी प्रासंगिक हैं। विश्व शांति स्थापित करने में उनका अहम योगदान रहा है। जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह ने महात्मा गांधी के पदचिन्हों पर चलने तथा उनके आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन स्काउट सीओ महेश कालावत ने किया।