निवाई (लालचंद सैनी): ग्राम उत्थान शिविर के कामकाज को देखने शनिवार को आए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने स्वयं और राज्य सरकार को किसानों, महिलाओं और युवाओं के हमदर्द के रूप में पेश किया। सम्बोधन में भजन लाल शर्मा ने केन्द्र और राज्य सरकार के लोक कल्याण और विकास के कामों को गिनाया। सम्बोधन से पहले मुख्यमंत्री ने टोंक जिले में 282 करोड़ रुपए की लागत के 48 विकास कार्यों का शिलान्यास और 88 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यो का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्हें 51 किलो की माला भी पहनाई गई। मुख्यमंत्री ने उनके शासनकाल में एक भी पेपर लीक नहीं होने का दावा करते हुए कहा कि पिछली सरकार के दौरान पेपर लीक करने वाले करीब 425 लोगों को सरकार जेल में डाल चुकी है, यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे बेफ़िक्र होकर पढ़ाई करें। नौकरी को लेकर वो जो सपना देख रहे हैं, सरकार उसे जरूर पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है, जब किसी राज्य सरकार ने नौकरियों के लिए सालभर का कलेण्डर जारी किया है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के साथी इसका विरोध कर रहे हैं, जबकि यह प्रक्रिया देश के निवासियों के खिलाफ नहीं हैं। देश में अवैध रूप से घुसपैठ कर यहां दस्तावेज बनाकर रह रहे लोगों की पहचान कर उन्हें बाहर निकालना है। यह काम नहीं रुकेगा और सरकार एक-एक को ढूंढ-ढूंढकर बाहर निकालेगी। मुख्यमंत्री ने मंच पर 6 विभागों के 16 चयनितों को करीब 190 लाख रुपए के चेक बांटे। निवाई नगर पालिका के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। विधायक रामसहाय वर्मा ने निवाई पालिका का दर्जा बढ़ाकर उसे नगर परिषद करने की मांग की थी। हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में इस बारे में कुछ नहीं कहा। कार्यक्रम में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों और महिलाओं को सम्बोधित करते हुए जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि पिछले दो साल की भजन लाल शर्मा सरकार और कांग्रेस की पांच साल की सरकार के विकास की तुलना करें तो साफ पता लगता है कि कांग्रेस ने काम नहीं बल्कि काम करने का दिखावा किया है। कृषि, पेयजल, बिजली, सडक़ और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जितना काम हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने भी लोक कल्याण के हित में काम करने की बात कहते हुए कहा कि बिजली की कटौती अब पुरानी बात हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेश बिजली के मामले में आत्मनिर्भर हो जाएगा। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की निवाई में हुई आमसभा में पुलिस बेहद चौकन्ना रही। अंदेशा था कि सभा में कुछ किसान अपनी मांग को लेकर हंगामा कर सकते हैं, इसको लेकर पत्रकार दीर्घा के बायीं तरफ बैठे लोगों के आसपास और पीछे सादा वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इस दौरान दो अलग-अलग किसानों देवरी निवासी सुखपाल गुर्जर एवं एक अन्य ने मुख्यमंत्री के आने से पहले अपनी सीट से उठकर तेज आवाज में बोलना शुरू कर दिया। वहां तैनात पीपलू पुलिस वृत्ताधिकारी रामवतार ने पुलिस जाब्ते के जरिए उन्हें सभास्थल से बाहर निकाल दिया। सभा में आए कई लोगों ने सर्दी से बचाव के लिए काले रंग का कोट-जैकैट और मफलर पहन रखे थे, पुलिस ने उन्हें उतरवा दिया। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भाषण की शुरूआत में जनसभा में उपस्थित लोगों को हाथ ऊपर कर भारत माता का जयकारा लगवाया। इस दौरान लोगों ने जयकारे के लिए हाथ ऊंचे किए तो मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि पंजा मत दिखाओ, इस पंजा ने देश को गंजा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजा खोलकर नही मुठ्ठी बांधकर जयकारे लगाओ।
*51 किलो की माला से किया स्वागत*
समारोह में आम सभा के बाद मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। समारोह में विधायक रामसहाय वर्मा, विधायक राजेन्द्र गुर्जर, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, अजीत मेहता, पालिकाध्यक्ष दिलीप इसरानी, पूर्व जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी, जिला उपाध्यक्ष रमाकांत शर्मा, भाजपा के भरतपुर जिला प्रभारी नरेश बंसल, अंजली गुप्ता, पूर्व विधायक ग्यारसी लाल परीड़वाल, शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा, बद्री नटवाड़ा, शिवराज गुर्जर, केदार डागरथल, आशाराम डोई, मोहित जैन, रामअवतार घाटी, पुरषोतम शर्मा, वंशप्रदीप पारीक, जयनारायण कुमावत, शिवप्रकाश पारीक, योगेन्द्र सिंह नाथावत व सांवरिया सोनी सहित काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जिला स्तरीय पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।